मुख्यमंत्री धामी ने कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग की चिन्हित पायलट परियोजनाओं के अंतर्गत e-RUPI प्रणाली का किया शुभारम्भ
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग की चिन्हित पायलट परियोजनाओं के अंतर्गत e-RUPI प्रणाली का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा यह प्रणाली हमारी सरकार द्वारा स्वीकृत पारदर्शी और जवाबदेही नीतियों के अनुरूप विकसित की गई है, जिसका उद्देश्य किसानों को दी जाने वाली सब्सिडी एवं सहायता को पारदर्शी, कैशलेस और कॉन्टैक्टलेस तरीके से सीधे लाभार्थी तक पहुँचाना है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा e-RUPI के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सहायता राशि केवल उसी सेवा या वस्तु के लिए उपयोग हो, जिसके लिए वह स्वीकृत की गई है। इससे किसानों को न केवल योजनाओं का लाभ तेजी से मिलेगा, बल्कि प्रक्रिया में पारदर्शिता, समयबद्धता और सुगमता भी सुनिश्चित होगी। यह व्यवस्था किसानों के हित में होने के साथ ही शासन व्यवस्था को भी आधुनिक, तकनीक-संगत और भ्रष्टाचार-मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा हमारी सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और तकनीक के माध्यम से योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से पहुँचाने का कार्य कर रही है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी समेत अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।