उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, नैनीताल में आयोजित कार्यक्रम में होंगे शामिल
नैनीताल: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ तीन दिवसीय दौरे पर नैनीताल आ रहे हैं। इस दौरान उपराष्ट्रपति कुमाऊं विश्वविद्यालय की फैकल्टी के साथ संवाद करेंगे, साथ ही शेरवुड कॉलेज में विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे और अन्य कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे।
उपराष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। आईजी नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि उपराष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए 400 से अधिक पुलिसकर्मी, तीन कंपनी पीएसी, एक कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स, इंटेलिजेंस ब्यूरो, एटीएस और ड्रोन सर्विलांस समेत सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। उनकी सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो, इसके लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है।
उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट हो गया है। उनके साथ जिले से तीन डॉक्टर हर समय साथ में रहेंगे। सीएमओ डॉ. हरीश चंद्र पंत ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरी तैयारियां हैं। इसके अलावा सुशीला तिवारी अस्पताल और हल्द्वानी के निजी अस्पताल को भी रिजर्व किया गया है।
