उत्तराखंड

मसूरी में फिर सड़क हादसा, खाई में गिरी पर्यटकों की कार

मसूरी: उत्तराखंड के मसूरी में फिर सड़क हादसा हुआ है. जहां पर्यटकों की कार हाथीपांव-क्लाउडेंट रोड पर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी. गनीमत रही इस हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ. सभी लोग मामूली चोटों के साथ सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए.

हाथीपांव-क्लाउडेंट रोड पर हुआ हादसा: जानकारी के मुताबिक, सोमवार यानी 7 जुलाई की दोपहर के समय क्लाउडेंट से मसूरी की ओर आ रही इनोवा कार संख्या PB 11 AK 3131 अचानक फिसलकर सड़क से नीचे खाई में गिर गई. कार में 6 लोग सवार थे. खाई में गिरते ही कार सवारों में चीख पुकार मच गई.

गनीमत रही कि कार पेड़ों पर जाकर रूक गई, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था. वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही हाजा थाने से पुलिस बल और हैप्पी वैली चौकी की टीम आपदा उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची. जहां रेस्क्यू अभियान को अंजाम दिया गया.

प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से जैसे ही हादसे की जानकारी मिली, वैसे ही हमारी टीम बिना देरी किए रवाना हुई. उन्होंने बताया कि खाई में गिरी इनोवा में 6 लोग सवार थे, जिन्हें रेस्क्यू कर एंबुलेंस के जरिए उप जिला अस्पताल मसूरी भेजा गया.

MUSSOORIE CAR ACCIDENT

पंजाब के रहने वाले थे पर्यटक: कार में तनजोत पुत्र रज्जीत, तरमनजोत पुत्र हरप्रीत सिंह, सहज सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह, नवजोत सिंह पुत्र हरिश्चंद्र, गुरु सेवक सिंह पुत्र भूपेंद्र सिंह और परमजोत सिंह पुत्र कुलवंत सवार थे. जो पंजाब के राजपुरा के रहने वाले हैं. इन सभी को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं और प्राथमिक उपचार के बाद वे खतरे से बाहर हैं.

सभी युवक मसूरी घूमने आए थे. बताया जा रहा है कि वापसी के दौरान कार का एक टायर अचानक फिसल गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर खाई में चला गया. मसरी पुलिस का कहना है कि बारिश या कोहरे के समय सड़कों पर फिसलन बढ़ जाती है. ऐसे में पर्यटक और चालक पहाड़ी रास्तों पर विशेष सतर्कता बरतें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *