कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के सामने फफक-फफक कर रो पड़ी महिला पटरी दुकानदार, सता रही रोजी-रोटी की चिंता
मसूरी: देहरादून जिले के मसूरी में मॉल रोड पर इन दिनों स्थानीय पटरी व्यवसायियों और नगर पालिका प्रशासन के बीच खींचतान का माहौल है. बीते दिनों मॉल रोड से हटाए गए पटरी दुकानदारों ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात की. इस दौरान पटरी दुकानदारों ने मंत्री से रोजी-रोटी का हवाला देते हुए दोबारा पटरी लगाने की अनुमति की मांग की. पटरी दुकानदारों ने कैबिनेट मंत्री को बताया कि वे वर्षों से मॉल रोड पर छोटे-मोटे सामान बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते आ रहे हैं. उन्हें हटाने के बाद उनके पास कोई और आय का साधन नहीं बचा है, जिससे वो काफी परेशान हैं.
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने इस मुद्दे पर सहानुभूति दिखाते हुए कहा कि नगरपालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी पटरी व्यापारियों को व्यवस्थित करने की दिशा में ठोस कदम उठा रही हैं. उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि अगले दो महीनों के भीतर पात्र पटरी व्यापारियों को मॉल रोड के अलावा किसी अन्य उचित स्थान पर व्यवस्थित किया जाए. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो लोग वास्तव में जरूरतमंद हैं और जिनके पास आय का कोई दूसरा साधन नहीं है. उन्हें पूरी मदद दी जाएगी, लेकिन अराजकता और अनियमितता को दोहराने की अनुमति नहीं दी जाएगी. वहीं पटरी दुकानदार मंत्री को परेशानी बताते हुए फफक-फफक कर रोने लगे.
पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि मॉल रोड की अंतरराष्ट्रीय छवि खराब हो रही थी. लोगों ने मॉल रोड को मछली बाजार बना दिया था. वहां कई ऐसे लोग पटरी लगाकर बैठे थे, जिनके पास पहले से पक्की दुकानें, मकान और अन्य व्यवसाय हैं. एक ही परिवार के कई सदस्य अलग-अलग जगहों पर पटरी लगा रहे थे, ये किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि 1 जुलाई को सभी पटरी व्यापारियों को हटाया गया, ताकि मॉल रोड को साफ-सुथरा और पर्यटकों के अनुकूल बनाया जा सके.
