उत्तराखंड

कृषि सहायकों को सरकार की सौगात, मासिक मानदेय में बढ़ोतरी

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने कृषि विभाग में कार्यरत कृषि सहायकों को बड़ी राहत देते हुए उनके मानदेय में उल्लेखनीय वृद्धि की है। सरकार के इस निर्णय से हजारों कृषि सहायकों को सीधा लाभ मिलेगा।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने पूर्व में कृषि सहायकों के मानदेय में बढ़ोतरी के निर्देश दिए थे। अब सरकार द्वारा इस संबंध में औपचारिक शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। इससे मानदेय वृद्धि का मार्ग पूरी तरह साफ हो गया है और इसे तुरंत प्रभाव से लागू किया जाएगा। अब 672 न्याय पंचायतों में तैनात कृषि सहायकों को पहले मिलने वाले ₹8,300 की जगह ₹12,391 प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।

लंबे समय से कर रहे थे मानदेय में बढ़ोतरी की मांग

कृषि सहायक ग्राम और न्याय पंचायत स्तर पर किसानों तक कृषि विभाग की योजनाओं, तकनीकी जानकारी और सरकारी सुविधाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। फसल उत्पादन, आधुनिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाने का दायित्व इन्हीं पर होता है। कृषि

सहायक काफी समय से अपने मानदेय में बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे। हाल ही में उनके प्रतिनिधिमंडल ने कृषि मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। इस पर मंत्री ने विभागीय सचिव को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे, जिसके परिणामस्वरूप यह निर्णय लिया गया।

कृषि सहायकों का मनोबल बढ़ाना है प्राथमिकता

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि कृषि सहायकों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें उचित पारिश्रमिक देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि मानदेय में बढ़ोतरी से कृषि सहायकों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और वे और अधिक उत्साह के साथ किसानों की सेवा कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *