मुख्यमंत्री धामी ने सिलक्यारा टनल में फंसे श्रमिकों से बात कर जाना उनका कुशलक्षेम
उत्तरकाशी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज उत्तरकाशी के सिलक्यारा में निर्माणाधीन टनल में फंसे श्रमिकों में से गब्बर सिंह नेगी एवं सबा अहमद से बात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान दोनों लोगों ने मुख्यमंत्री को सभी श्रमिकों के स्वस्थ और सुरक्षित होने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक भाइयों को प्रधानमंत्री द्वारा निरंतर उनकी वस्तुस्थिति के बारे में जानकारी लेने एवं बचाव कार्यों की मॉनिटरिंग किए जाने के बारे में भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि बचाव कार्य सही दिशा में संचालित है और शीघ्र ही सभी श्रमिक भाई सुरक्षित बाहर आकर अपने परिजनों के साथ होंगे।
उत्तरकाशी में निर्माणाधीन टनल में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने हेतु चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन में कार्य कर रही केंद्रीय एजेंसियों व प्रदेश प्रशासन के सदस्यों एवं श्रमिकों से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग एवं नागर विमानन राज्य मंत्री वी.के. सिंह एवं अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।