मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने जाईका परियोजना से संबंधित उच्चाधिकार समिति की ली बैठक, क्षेत्र विस्तार और उत्पादन बढ़ाने पर दिया जोर
देहरादून : मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में जाईका वित्तपोषित उत्तराखण्ड एकीकृत बागवानी विकास परियोजना से संबंधित उच्चाधिकार प्राप्त समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश में बागवानी क्षेत्र के विस्तार और उत्पादन बढ़ाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि उत्तराखंड में उन्नत बागवानी की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें ध्यान में रखते हुए एक समग्र बागवानी योजना तैयार की जाए। उन्होंने बागवानी क्षेत्र बढ़ाने के लिए किसानों को हैंड होल्डिंग, प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।उन्होंने कहा कि उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को ग्राफ्टिंग तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाना जरूरी है, जिससे बेहतर गुणवत्ता और अधिक उत्पादन सुनिश्चित किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने क्लस्टर एप्रोच अपनाने के निर्देश दिए, ताकि संगठित तरीके से उत्पादन और विपणन को बढ़ावा मिल सके।
मुख्य सचिव ने सप्लाई चेन को मजबूत करने और कोल्ड स्टोरेज जैसी सुविधाओं के विकास पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि बागवानी में उन्नत किस्मों को बढ़ावा देने और क्षेत्र विस्तार पर फोकस किया जाए, ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो सके।
बैठक में योजनाओं में किसी प्रकार की डुप्लीकेसी न हो, इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही परियोजना पूर्ण होने के बाद भी किसानों को सहायता मिलती रहे, इसके लिए उद्यान विभाग की भूमिका को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर सचिव एस.एन. पाण्डेय, डीजी उद्यान वंदना सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
