उत्तराखंड

गंगा की सफाई पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सख्त, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश 

देहरादून :  मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राज्य गंगा समिति की 19वीं बैठक में गंगा संरक्षण और सीवरेज प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने राज्य और जिला गंगा समितियों की बैठकें समयबद्ध ढंग से आयोजित करने तथा स्टेट मिशन फॉर क्लीन गंगा (एसपीएमजी) मुख्यालय स्तर पर सतत निगरानी तंत्र विकसित करने को कहा।

मुख्य सचिव ने प्रदेश के सभी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की 24×7 निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए इनलेट और आउटलेट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा जिला और राज्य स्तर पर सभी एसटीपी की रियल टाइम मॉनिटरिंग व्यवस्था एक महीने के भीतर तैयार करने को कहा। उन्होंने उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूकेपीसीबी) को औचक निरीक्षण कर एसटीपी के संचालन की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में हरिद्वार, रुड़की, ऋषिकेश और देहरादून जैसे गंगा तटीय शहरों में सीवरेज नेटवर्क के विस्तार पर जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने एसटीपी से निकलने वाले उपचारित जल का सिंचाई और उद्योगों सहित अन्य कार्यों में सुरक्षित उपयोग बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में सचिव रणवीर सिंह चौहान, यूकेपीसीबी के सदस्य सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, अपर सचिव रोहित मीणा तथा विभिन्न जनपदों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *