उत्तराखंड

रामनगर–देहरादून के बीच पहली एक्सप्रेस ट्रेन शुरू

देहरादून : रेल मंत्रालय ने रामनगर और देहरादून के बीच नई द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन (15310/15309) के संचालन को मंजूरी दे दी है। यह रामनगर और देहरादून के बीच चलने वाली पहली एक्सप्रेस ट्रेन होगी, जिससे कुमाऊं और राजधानी के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा।

नई ट्रेन प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को रामनगर से सुबह 5:50 बजे रवाना होकर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन उसी दिन दोपहर 3:55 बजे देहरादून से चलकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। मार्ग में ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार स्टेशनों पर ठहरेगी।

इस ट्रेन के संचालन से उत्तराखंड के नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार और देहरादून तथा उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बिजनौर के यात्रियों को लाभ मिलेगा। छात्र, किसान, व्यापारी और अन्य यात्री अब देहरादून और हरिद्वार जाकर उसी दिन अपना कार्य निपटाकर लौट सकेंगे।नई रेल सेवा से जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान आने वाले पर्यटकों, गिरिजा देवी मंदिर और सीतावनी क्षेत्र के श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी। साथ ही हरिद्वार और देहरादून से चारधाम यात्रा पर जाने वाले यात्रियों की यात्रा भी अधिक सुगम होगी।ट्रेन में एसी द्वितीय श्रेणी, एसी तृतीय श्रेणी, एसी चेयर कार, शयनयान, द्वितीय श्रेणी चेयर कार और सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे। रेल मंत्रालय ने बताया कि यह सेवा क्षेत्र में पर्यटन, तीर्थाटन, शिक्षा, व्यापार और स्थानीय आवागमन को बढ़ावा देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *