मानसून के दौरान विद्युत आपूर्ति कतई बाधित न हो: एमडी पी.सी. ध्यानी
देहरादून : पिटकुल के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने कार्यभार संभालने के बाद मुख्यालय के विभिन्न स्कंधों का औचक निरीक्षण कर मानसून के दौरान प्रदेश में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रांतीय भार निस्तारण केंद्र का निरीक्षण कर अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत की और कहा कि बिजली आपूर्ति में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पारेषण तंत्र की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने 400 केवी काशीपुर उपकेंद्र में 500 एमवीए ट्रांसफार्मर तथा 220 केवी ऋषिकेश उपकेंद्र में 160 एमवीए ट्रांसफार्मर की स्थापना समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने 400 केवी श्रीनगर उपकेंद्र की क्षतिग्रस्त बुशिंग और 400 केवी ऋषिकेश उपकेंद्र के खराब सर्किट ब्रेकर को जल्द बदलने के भी निर्देश दिए। साथ ही प्रदेश की कई 132 केवी और 220 केवी पारेषण लाइनों पर हाई टेंशन लो सैग (एचटीएलएस) कंडक्टर लगाने के कार्य को तय समय में पूरा करने पर जोर दिया।
एमडी ने कहा कि मानसून के दौरान पारेषण तंत्र को पूरी तरह सक्षम बनाए रखना प्राथमिकता है, ताकि प्रदेशभर में निर्बाध और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति बनी रहे। निरीक्षण के दौरान पिटकुल के वरिष्ठ अभियंता और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
