दूध पीकर दो दोस्तों ने की जोर आजमाइश, एक की कांच घुसने से मौत
देहरादून : देहरादून के रायपुर क्षेत्र में 21 साल के युवक की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला है कि दोस्तों के साथ मामूली धक्का मुक्की के चलते युवक के हाथ में कांच चला गया। अधिक खून बहने के चलते युवक की मौत हो गई।
बता दें 22 अगस्त की देर रात रक्षा विहार मुस्लिम बस्ती, मस्जिद के पास इफ्तिखार (21) कांच लगने से चोटिल हो गया था। आनन-फानन में उसके साथी इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने उसके साथियों पर हत्या का शक जताया था ।
दोस्तों के साथ धक्का-मुक्की में गई जान
परिजनों की तहरीर के बाद पुलिस ने मृतक के दोस्तों से सख्ती से पूछताछ की। जिसमें खुलासा हुआ कि आपसी आजमाइश के दौरान इफ्तिखार की जान चली गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वो साथ अनस के आफिस में एक साथ बैठे थे, इस दौरान उन दोनों में दूध पीने को लेकर शर्त लगी और दोनों ने एक-एक किलो दूध पिया और आपस में जोर आजमाइश करने लगे।
आपसी जोर आजमाइश में धक्का लगने से मृतक कांच के दरवाजे पर गिर गया और दरवाजे के शीशा टूट कर उसके दाहिने हाथ की बगल में घुस गया, जिससे अधिक खून आने के कारण उसको तत्काल अनस और अन्य साथी इन्द्रेश हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
आरोपियों का विवरण
आरोपियों की पहचान आरीश (28) पुत्र मोहम्मद तालीब निवासी रक्षा विहार, अनस (22) पुत्र नसीम अहमद निवासी रक्षा विहार और जावेद (23) पुत्र नईम अहमद निवासी रक्षा विहार के रूप में हुई है।
