युवा शक्ति के संकल्प से साकार होगा नशा मुक्त उत्तराखंड : शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत
देहरादून : प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि युवा शक्ति के दृढ़ संकल्प और जनभागीदारी से नशामुक्त उत्तराखंड का लक्ष्य जरूर साकार होगा। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ ही समाज को इसके दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पित्थूवाला में 100 दिवसीय नशामुक्ति महाभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डॉ. रावत ने छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इस दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
डॉ. रावत ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी गंभीर बाधा बनता है। ऐसे में नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या किसी एक संस्था की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि युवा प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और यदि युवा नशामुक्ति का संकल्प लेकर आगे बढ़ेंगे तो उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य निश्चित रूप से हासिल किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में नशे के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 100 दिवसीय महाभियान के तहत विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और विद्यालयों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ ही नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई जा रही है।
मंत्री ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे केवल स्वयं नशे से दूर रहने तक सीमित न रहें, बल्कि अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि एक जागरूक युवा कई लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।
इस अवसर पर धर्मपुर विधायक विनोद चमोली और लैंसडाउन विधायक महंत दिलीप रावत ने भी छात्र-छात्राओं से नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति को लेकर व्यापक जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज, सचिव यूबीटीआर डॉ. मुकेश पाण्डेय, संयुक्त निदेशक देवेन्द्र गिरी, उप निदेशक एम.के. कन्याल, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पित्थूवाला के प्राचार्य अवनीश जैन सहित विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
