Sunday, October 11, 2026
Latest:
उत्तराखंड

सेवा संकल्प अभियान के तहत देहरादून में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में मुख्यमंत्री धामी ने किया प्रतिभाग, विभागीय स्टॉलों का किया अवलोकन

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तपोवन रोड स्थित क्षत्रिय चेतना मंच में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में प्रतिभाग किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों को कृषि यंत्र, मशरूम मिनीकिट तथा बाल विकास विभाग की महालक्ष्मी एवं किशोरी किट वितरित की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों के समाधान में समय लगना जरूरी हो, उसकी स्पष्ट जानकारी शिकायतकर्ता को दी जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को अपने काम के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनसेवा और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के साथ ही लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दो चरणों में 6.5 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों की समस्याओं का समाधान करने के साथ पात्र नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया गया।

उन्होंने कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों का उद्देश्य केवल विभागीय स्टॉल लगाना नहीं, बल्कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं को सीधे जनता तक पहुंचाना है। शिविरों में प्राप्त शिकायतों पर मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव या प्रक्रियागत जटिलताओं के कारण योजनाओं से वंचित न रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनसेवाओं को सरल, सुलभ और प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बुजुर्गों, महिलाओं और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान को महज औपचारिकता न मानकर संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

धामी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य सेवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शिविरों में स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित हो सके। उन्होंने क्षेत्रवासियों से शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा अपनी समस्याएं संबंधित विभागों के समक्ष रखने की अपील की।

इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *