मोबाइल बंद कर अंडरग्राउंड हुआ पप्पू गिरधारी, पुलिस की तलाश तेज
देहरादून : कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े उत्पीड़न और धोखाधड़ी के मामले में एसआईटी अब आरोपी पक्ष के बयान दर्ज करने की कार्रवाई कर सकती है। वहीं, मंत्री रेखा आर्य के पति और आरोपी गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के मोबाइल फोन बंद कर अंडरग्राउंड होने के बाद पुलिस की तलाश तेज हो गई है। आरोपी की तलाश में बरेली गई पुलिस टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, मंत्री रेखा आर्य की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे में आरोपी पति गिरधारी लाल साहू की अग्रिम जमानत याचिका पंचम अपर सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश (एससी-एसटी एक्ट) अंजली बेंजवाल की अदालत ने खारिज कर दी है। गिरफ्तारी के डर से साहू ने खुद अदालत में उपस्थित होने के बजाय अपने अधिवक्ता के माध्यम से अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दाखिल की थी।
आरोपी की तलाश में बरेली गई पुलिस टीम को उसके संभावित ठिकानों पर दबिश के बावजूद सफलता नहीं मिली। पुलिस के मुताबिक, मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही साहू ने अपना मोबाइल नंबर बंद कर रखा है। ऐसे में उसकी लोकेशन और ठिकाने का पता लगाने में पुलिस को परेशानी हो रही है। पुलिस अब संभावित स्थानों पर दबिश देकर आरोपी की तलाश कर रही है।
शिकायत में बताई गई कंपनियों की भी होगी जांच
मामले में आरोपी से पूछताछ और शिकायत में बताई गई कंपनियों के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए पुलिस की एक टीम बरेली भेजी गई थी। अब एसआईटी मामले से जुड़े तथ्यों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच आगे बढ़ा सकती है। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ-साथ मामले से संबंधित अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है।

