उत्तराखंड

कांग्रेस चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में देहरादून के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जाएगी पदयात्रा

देहरादून : जनता के अधिकारों, न्याय और जनहित के मुद्दों को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने देहरादून से न्याय यात्रा का शुभारंभ किया। कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और न्याय की कामना के साथ यात्रा का आगाज किया।

पूजा-अर्चना के बाद कांग्रेस भवन से राजपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकाली गई। राजपुर विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा के दौरान चौक, घंटाघर और पलटन बाजार में जनसंपर्क करते हुए यात्रा राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स तक पहुंची।

प्रीतम सिंह ने कहा कि न्याय यात्रा का उद्देश्य जनता के बीच पहुंचकर उनके सवालों, समस्याओं और अपेक्षाओं को सुनना है। लोकतंत्र में जनता की आवाज सर्वोपरि है और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करना विपक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि देहरादून से न्याय यात्रा की शुरुआत के साथ कांग्रेस ने इसे प्रदेशव्यापी स्वरूप देने की दिशा में कदम बढ़ाया है। आने वाले दिनों में सहसपुर, विकासनगर, चकराता, धर्मपुर, कैंट, ऋषिकेश सहित प्रदेश के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी न्याय यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल पदयात्रा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जनता की समस्याओं, अधिकारों और आकांक्षाओं से जुड़ा व्यापक जनसंपर्क अभियान बनेगी।

प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझेंगे और उनके समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेंगे। जनता के अधिकारों की रक्षा और जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस सड़क से सदन तक अपनी जिम्मेदारी निभाती रहेगी।

इस दौरान पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, सूर्यकांत धस्माना, संचार सचिव वैभव वालिया, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, अश्विनी बहुगुणा, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर जोगी, वीरेंद्र पोखरियाल, संग्राम सिंह पुंडीर, अभिनव थापर, सुशांत बोरा, मनमोहन शर्मा, गौतम नौटियाल, पीयूष गौड़, प्रशांत खंडूरी, रितेश जोशी, राहुल मनवाल, सोनिया आनंद, अनूप कपूर और अमित रावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *