Saturday, October 31, 2026
उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में किया प्रतिभाग, प्रत्येक ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब

देहरादून : राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। उन्होंने दौड़ में शामिल युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं, खिलाड़ियों और प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के लिए कई घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि की घोषणा करते हुए कहा कि इस संबंध में जल्द बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित करने की भी घोषणा की। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी रिक्त भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित करने की घोषणा की। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा। इससे युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ सेना में भर्ती की तैयारी के लिए प्रशिक्षण की सुविधा मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में भी बढ़ोतरी की घोषणा की। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय 200 से 300 और तृतीय 150 से 200 रुपये किया जाएगा। विधानसभा स्तर पर पुरस्कार राशि क्रमशः 500, 400 और 300 रुपये से बढ़ाकर 700, 500 और 400 रुपये की जाएगी।

संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार क्रमशः 800, 600 और 400 रुपये से बढ़ाकर 1,000, 800 और 600 रुपये किए जाएंगे। राज्य स्तर पर पुरस्कार राशि 1,500, 1,000 और 700 रुपये से बढ़ाकर क्रमशः 2,000, 1,500 और 1,000 रुपये की जाएगी।

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत ओवरऑल विजेता जिले को मिलने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि भी पांच लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी जाएगी। वर्तमान में ट्रॉफी के तहत 32 खेल आयोजित होते हैं, जिनकी संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी। इनमें पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जाएगा। साथ ही चैंपियनशिप ट्रॉफी के आयोजन के लिए निर्धारित कुल धनराशि में भी वृद्धि की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व क्षमता से देश की एकता और अखंडता को मजबूत आधार दिया। उन्होंने कहा कि हमारी सबसे पहली पहचान भारतीय होने की है और यही भावना देश की एकता एवं विकास के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा देती है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने खेल, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने तथा नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का भी आह्वान किया।

जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसे पर जताया दुःख

मुख्यमंत्री ने बदरीनाथ धाम से लौटते समय जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने हादसे में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और भगवान बदरी विशाल से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला, उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *