उत्तराखंड

कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने युवा महोत्सव का किया शुभारंभ, बोले- उत्कृष्ट प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर मिलेगा मौका

हरिद्वार : जिला प्रशासन और युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ऋषिकुल ऑडिटोरियम में युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद के सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत आयोजित महोत्सव में जिले के सभी विकासखंडों से आए युवाओं और छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अवलोकन करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में लोकनृत्य, लोकगीत, गायन, भाषण, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर, चित्रकला और कविता लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। युवाओं ने अपनी कला और रचनात्मकता के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति की आकर्षक झलक प्रस्तुत की।

इस अवसर पर मदन कौशिक ने कहा कि प्रदेश का युवा नई ऊर्जा और संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं से निकलकर युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड खेलों के क्षेत्र में भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। युवाओं को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक स्टेडियम और राष्ट्रीय स्तर के खेल परिसरों का विकास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवा आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर देते हैं।

आयोजकों के अनुसार जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं को अपनी प्रतिभा को और निखारने तथा बड़े मंच पर प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा।

कार्यक्रम में जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद चंद पांड्ये, मुकेश भट्ट, पूनम मिश्रा, हिमांशु गुप्ता, चंद्रमोहन मिश्रा, शिवकुमार कश्यप, ऋचा गुप्ता और संध्या सहित विभिन्न विकासखंडों से आए प्रतिभागी, युवा कल्याण विभाग के कर्मचारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *