उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
देहरादून: उत्तराखंड में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है. पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश होने से पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने से संपर्क मार्ग लगातार बाधित हो रहे हैं, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं मौसम विभाग ने आज फिर प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है.
गौर हो कि देहरादून मौसम विभाग ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के अनेक स्थानों में व शेष जनिदों के अधिकांश स्थानों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है.राज्य के देहरादून तथा नैनीताल जनपदों में कहीं-कहीं भारी बारिश के आसार जताए गए हैं. जिसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं टिहर, पौड़ी, हरिद्वार, उधम सिंह नगर और चंपावत जनपद में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है.
