उत्तराखंड

मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने की अहम बैठक, फरवरी तक 100 प्रतिशत BLA नियुक्त करें राजनीतिक दल

देहरादून : मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीवीआरसी पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में सचिवालय में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), बीएलओ आउटरीच अभियान और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की शत-प्रतिशत नियुक्ति जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आगामी एसआईआर की तैयारियों के तहत प्रदेश भर में बीएलओ द्वारा वर्ष 2003 की मतदाता सूची से वर्तमान मतदाताओं की मैपिंग का कार्य किया जा रहा है। अब तक लगभग 79 प्रतिशत मैपिंग पूरी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंह नगर और नैनीताल जैसे जिलों में बीएलए के सक्रिय सहयोग से इस प्रक्रिया को और गति दी जा सकती है।

उन्होंने जानकारी दी कि राजनीतिक दलों की ओर से अब तक कुल 15,437 बीएलए नियुक्त किए जा चुके हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी के 7,165, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 7,968, बहुजन समाज पार्टी के 117 और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के 187 बीएलए शामिल हैं। जबकि आम आदमी पार्टी और नेशनल पीपुल्स पार्टी द्वारा अभी तक एक भी बीएलए नियुक्त नहीं किया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी दलों से फरवरी माह तक शत-प्रतिशत नियुक्ति सुनिश्चित करने की अपील की।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *