त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में खटीमा पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, मां के साथ किया मतदान
खटीमा: पंचायत चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मतदान किया है। उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुआ। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने पैतृक गांव खटीमा पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी माता के साथ राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय, नगला तराई मतदान केंद्र पर जाकर वोट डाला। मुख्यमंत्री के मतदान केंद्र पहुंचने पर वहां स्थानीय जनता और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। लोग बड़ी संख्या में मुख्यमंत्री को देखने और स्वागत करने के लिए जुटे।
मुख्यमंत्री ने कहा प्रथम चरण में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यह सिर्फ एक वोट नहीं बल्कि उत्तराखंड के गांव-गांव में लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने का संकल्प है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की देवतुल्य जनता से अपील कि लोकतंत्र के इस पर्व में सहभागी बनें, अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंचें और अपने मत से ऐसे जनप्रतिनिधियों का चयन करें जो विकास, पारदर्शिता और सेवा के मूल मंत्र पर खरे उतरें।
मुख्यमंत्री ने कहा आपका एक वोट, गांव की तस्वीर बदलने की शक्ति रखता है। सशक्त पंचायतें ही सशक्त उत्तराखंड का मार्ग प्रशस्त करेंगी।
