मत्स्य पालक दिवस पर देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मत्स्य पालकों का हुआ सम्मान
देहरादून: मत्स्य पालक दिवस के अवसर पर वीर शिरोमणि माधोसिंह भण्डारी किसान भवन, देहरादून में मत्स्य पालक दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तम दत्ता उपाध्यक्ष, उत्तराखण्ड राज्य मत्स्य पालक विकास अभिकरण एवं विभागीय अधिकारियों के अतिरिक्त जनपदों से आये 100 से अधिक मत्स्य पालक एवं मत्स्य जीवी सहकारी समितियों के सदस्यों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के अन्तर्गत उत्तम दत्ता द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा मत्स्य पालन क्षेत्र हेतु पूर्ण की गयी 03 घोषणायें 1) मत्स्य पालकों हेतु कृषि की दरों पर विद्युत आपूर्ति की अनुमन्यता। 2) राज्य में मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना का संचालन। 3) राज्य में मत्स्य मण्डी स्थापना की स्वीकृति, हेतु हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।
इस दौरान देहरादून में कार्यरत मत्स्य पालक ललित बिष्ट, पूनम सिंह, सुभाष क्षेत्री, नेचर केयर फिश फार्म, बत्रार मत्स्य जीवी सहकारी समिति के अध्यक्ष दिनेश शर्मा तथा जय शैलकुडिया देवता मत्स्य जीवी सहकारी समिति के अध्यक्ष दीवान सिंह को मत्स्य पालन क्षेत्र में किये गये उत्कृष्ट कार्यों हेतु पुरस्कार वितरण किया गया। कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रदर्शनी में मछलियों के विभिन्न प्रकार के व्यंजनों को विक्रय किये जाने हेतु बलियापानी मत्स्य जीवी सहकारी समिति, यू.के मछली वाला, उत्तराफिश तथा मीट सेयस द्वारा अपने अपने स्टॉल लगाये गये, जिसमें जनमानस द्वारा मछलियों के व्यंजनों का लुत्फ उठाया। इस अवसर पर रवनीत चीमा, अपर सचिव मत्स्य, राजेन्द्र कुमार भट्ट, संयुक्त सचिव मत्स्य, विभागीय उप निदेशक अनिल कुमार, प्रमोद कुमार शुक्ला, अल्पना हल्दिया एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।