उत्तराखंड

खेत में बकरियां चरा रही महिला पर गुलदार ने किया हमला, मौके पर ही हुई मौत

पौड़ी: जनपद में गुलदार के हमलो की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. कुछ समय पहले पौड़ी जनपद के एकेश्वर क्षेत्र में गुलदार ने एक व्यक्ति को अपना निवाला बना दिया था. वहीं, आज ताजा मामला जनपद पौड़ी के द्वारीखाल से सामने आया है. यहां गुलदार ने एक महिला को अपना निवाला बना दिया है.

उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल के द्वारीखाल ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत जवाड़ के हलसी गांव में गुलदार के हमले में एक महिला की मौत हो गई. जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है. यह घटना रविवार शाम को हुई, जब 34 वर्षीय लता देवी पत्नी जयवीर सिंह अपने घर के पास खेत में बकरियां चरा रही थीं. सूचना पर पौखाल क्षेत्र के कानूनगो और पटवारी गांव के लिए रवाना हो गए हैं.

ग्राम पंचायत जवाड़ के पूर्व प्रधान राजेश मियां ने बताया झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक लता देवी पर हमला कर दिया. उनके चीखने की आवाज सुनकर परिजन घटनास्थल की ओर दौड़े. जब तक वे वहां पहुंचते लता ने दम तोड़ दिया था. उनकी गर्दन पर गहरे घाव के निशान मिले हैं. जवाड़, बिस्ताना, कांडाखाल, बनाली, पल्ला, बिरमोली, बड़ेथ, सुंडल, उडियारी, दीवा सहित आसपास के कई गांवों में भय का माहौल है.

डीएफओ आकाश गंगवार ने पुष्टि की है कि महिला की मौत गुलदार के हमले से हुई है. उन्होंने बताया वनकर्मियों की टीम मौके पर भेज दी गई है. वह स्वयं घटना का जायजा लेने गांव पहुंचेंगे. सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में वनकर्मियों की तैनाती की जा रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *