उत्तराखंड

भारत चीन सीमा को जोड़ने वाला नीती मलारी हाईवे 30 घंटे बाद खुला , प्रशासन ने ली राहत की सास 

चमोली: भारत चीन सीमा को जोड़ने वाला नीती-मलारी हाईवे कल लैंडस्लाइड के कारण बंद हो गया था. हाईवे बंद होने के कारण पंचायत चुनाव में जाने वाली पोलिंग पार्टियां भी बीच रास्ते में ही फंसी हुई थी. कल से ही हाईवे को खोलने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण हाईवे खोलने में काफी दिक्कतें आ रही है. हालांकि 22 जुलाई रात को करीब 30 घंटे बाद हाईवे खुल गया.

बता दें कि पिछले 30 घंटे से भाप कुंड के पास हाईवे बाधित था. जिससे कई गाड़ियां बीच रास्ते में ही फंस गई थी. इसके साथ ही कई गांवों का संपर्क तहसील मुख्यालय जोशीमठ से कटा हुआ था. इसके अलावा पंचायत चुनाव में जाने वाली पोलिंग पार्टियां भी हाईवे बंद होने से फंसी हुई थी. कल से ही हाईवे को खोलने का प्रयास किया जा रहा था. हालांकि आज 22 जुलाई देर रात को बीआरओ की टीम मलबा हटाने में सफल हुई, जिसके बाद देर रात को ही हाईवे पर यातायात सुचारू कर दिया गया था.

भाप कुंड के पास भारी भूस्खलन से हाईवे हुआ था बंद:

 21 जुलाई की दोपहर के समय भारत को चीन सीमा से जोड़ने वाला नीती मलारी राष्ट्रीय राजमार्ग भाप कुंड के पास भारी भूस्खलन आने से बंद हो गया था. भूस्खलन के चलते हाईवे का करीब दस मीटर हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ था. जिसे बीआरओ यानी बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन की टीम खोलने का प्रयास कर रही था. बीआरओ ने मलबा हटाने के साथ ही बोल्डर को तोड़ा भी है, इसी वजह से हाईवे इतनी जल्दी खुल पाया है. वरना और ज्यादा समय लग सकता था.

बता दें कि 24 जुलाई को पंचायत चुनाव के लिए तहत पहले चरण का मतदान होना है, जिसके लिए पोलिंग पार्टियों को लगातार दुर्गम इलाकों में भेजी जा रही है, लेकिन मार्ग बाधित होने से भाप कुंड के पास भी पोलिंग पार्टियों फंसी हुई थी. वहीं, स्थानीय प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची थी. जो हाईवे को सुचारू करने का इंतजार कर रही थी. हाईवे सुचारू होने के बाद पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *