दुग्ध संघ चुनाव में प्रत्याशी तय करने के लिए तीन नामों का पैनल होगा तैयार, बनाई गई रणनीति
देहरादून: दुग्ध संघों के चुनाव के लिए प्रदेश पर्यवेक्षक बनाए गए भाजपा के पूर्व मंत्री व विधायक बिशन सिंह चुफाल ने कहा कि 11 में से नौ संघों के चुनाव की रणनीति बना ली गई है। इन चुनाव में जिताऊ प्रत्याशी तय करने के लिए तीन नामों का पैनल तैयार होगा। इसके लिए जल्द पर्यवेक्षक जिलों का दौरा करेंगे और वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ मिलकर पैनल तैयार करेंगे। भाजपा ने सरकारी योजनाओं से दुग्ध काश्तकारों को मिलने वाले लाभ के आधार पर दुग्ध संघों के चुनाव जीतने का दावा किया है। पार्टी मुख्यालय में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और दुग्ध संघों के लिए नियुक्त चुनाव पर्यवेक्षक बिशन सिंह चुफाल ने तैयारी के दृष्टिगत एक महत्वपूर्ण बैठक ली है।
सामान्य वर्ग के लिए 50 फीसदी अनुदान
बैठक के बाद चुफाल ने कहा कि प्राथमिक समिति के सदस्य और उनके अध्यक्ष के चुनाव संपन्न हो गए हैं। आगे कुल 11 दुग्ध संघों में से नौ संघों के अध्यक्ष के चुनाव होने हैं, जिसकी तैयारी पर बैठक में मंथन हुआ। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही जिलों में जाकर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठकें होंगी और प्रत्याशियों के नामों पर विचार होगा। तीन नामों का पैनल प्रदेश नेतृत्व को सौंपा जाएगा।
कहा, केंद्र और प्रदेश सरकार की दुग्ध प्रोत्साहन योजना का बड़ा लाभ हमारे काश्तकारों को मिला है। पहाड़ में पशुधन रोजगार का एक महत्वपूर्ण साधन है। आज भी आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए दुग्ध व्यवसाय जीवनयापन की कड़ी है। हमारी सरकार महिला डेयरी के लिए 70 फीसदी और सामान्य वर्ग के लिए 50 फीसदी अनुदान दे रही है।