उत्तराखंड

गुनियाल गांव में निर्माणाधीन सैन्यधाम का सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने किया स्थलीय निरीक्षण

देहरादून : सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून के गुनियाल गांव में निर्माणाधीन सैन्यधाम के अंतिम चरणों के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था और विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सैन्यधाम की भव्यता और दिव्यता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने बताया कि सैन्यधाम करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र बनने जा रहा है और निर्माण कार्य अब लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है। देशभर के प्रमुख स्मारकों का अध्ययन करने के बाद इसकी रूपरेखा तैयार की गई है।

मंत्री जोशी ने कहा कि सैन्यधाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना और प्रदेश सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट है। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना में श्रद्धा के प्रतीक बाबा हरभजन सिंह और बाबा जसवंत सिंह के मंदिर का निर्माण परिसर में किया गया है। देश के पहले सीडीएस और उत्तराखण्ड के गौरव स्व. जनरल बिपिन रावत के नाम पर सैन्यधाम का मुख्य द्वार बनाया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से समय लेकर शीघ्र ही सैन्यधाम का भव्य लोकार्पण कराया जाएगा।

मंत्री ने विश्वास जताया कि जिस प्रकार चारधाम यात्रा के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु उत्तराखण्ड आते हैं, उसी प्रकार सैन्यधाम भी आने वाले समय में देश-दुनिया के लोगों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनेगा।

इस अवसर पर केंद्रीय सैनिक बोर्ड सचिव ब्रिगेडियर दिग्विजय सिंह बसेरा, डिप्टी जीओसी ब्रिगेडियर आर.एस. थापा, मेजर जनरल सम्मी सबरवाल, निदेशक श्याम सिंह, परियोजना निदेशक रविंद्र कुमार, लक्षमण सिंह रावत, कैप्टन दिनेश प्रधान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *