होली पर दून पुलिस की चाक-चौबंद सुरक्षा, शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ पर्व
देहरादून : रंगों के त्योहार होली को हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए दून पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई, जिससे पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।
एसएसपी ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए थे। साथ ही, आपसी सौहार्द बिगाड़ने या अराजकता फैलाने का प्रयास करने वाले तत्वों पर सतर्क नजर रखने और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया था। इन निर्देशों के अनुपालन में जनपद के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा।
पुलिस की सक्रियता और तत्परता के चलते किसी भी क्षेत्र से हुड़दंग या अव्यवस्था की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई। प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी गई, जिससे आमजन ने सुरक्षित माहौल में होली का आनंद लिया।
दून पुलिस द्वारा की गई सुदृढ़ और चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की संभ्रांत नागरिकों तथा आमजनमानस ने सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। दून पुलिस परिवार की ओर से सभी देशवासियों को रंगों एवं हर्षोल्लास के पावन पर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की गई हैं।
