उत्तराखंड

लगातार मलबा गिरने से यात्रा प्रभावित, सोनप्रयाग और गौरीकुंड में यात्रियों की आवाजाही हो रही बाधित

रुद्रप्रयाग : रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही बारिश के चलते सोनप्रयाग शटल पुल के समीप व मुनकटिया के पास स्लाइडिंग जोन वाले क्षेत्र में निरन्तर मलबा-पत्थर आने से मार्ग यात्रियों की आवाजाही के लिए पूर्ण रूप से बाधित है। प्रशासन के स्तर से मार्ग को खोलने की कार्रवाई प्रारम्भ की गयी, परन्तु निरन्तर हो रही बारिश व पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण इन दोनों स्थान पर मार्ग खोलने में दिक्कतें आईं। मौसम के साफ होने व मलबा-पत्थर के गिरने से रुकने के पश्चात दोनों छोरों से कार्य प्रारम्भ करते हुए इन दोनों जगहों पर मार्ग को पैदल चलने योग्य बनाया गया।

पुलिस द्वारा एहतियातन दोनों प्रभावित स्थानों पर यात्रियों को रोका गया है। मार्ग के सुचारु होने के बाद ही यात्रियों को आगे भेजा जा रहा है। वहीं, गौरीकुण्ड से लौट रहे यात्रियों को सोनप्रयाग की ओर सुरक्षित लाया गया है। वर्तमान में मार्ग के खुलने और बंद होने की स्थिति में बार-बार परिवर्तन हो रहा है। इसे देखते हुए प्रशासनिक एवं पुलिस द्वारा अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए यात्रा संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

जनपद पुलिस द्वारा श्री केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे मौसम पूर्वानुमान की जानकारी लेकर और अतिरिक्त सावधानी बरतते हुए यात्रा पर आएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *