उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने चम्पावत को दी बड़ी सौगात, ₹116.576 लाख की पहली किश्त जारी

चम्पावत : जनपद चम्पावत में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी सौगात दी है। दुर्घटना संभावित स्थलों के सुधार के लिए स्वीकृत धनराशि में से ₹116.576 लाख की पहली किश्त जारी कर दी गई है, जिससे कार्यों के शीघ्र क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 545/2024 के तहत जनपद के विभिन्न डेंजर जोन पर सड़क सुरक्षा कार्यों के लिए शासन द्वारा कुल ₹291.44 लाख की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। यह कार्य लोक निर्माण विभाग (लो०नि०वि०) के प्रांतीय खंड चम्पावत के अंतर्गत आने वाले प्रमुख मार्गों पर किया जाएगा।

करीब 105.01 किलोमीटर लंबाई में प्रस्तावित इन कार्यों के माध्यम से पर्वतीय सड़कों को अधिक सुरक्षित, सुगम और निर्बाध बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार कार्यों में तेजी लाने के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य आकस्मिकता निधि से स्वीकृत धनराशि का 40 प्रतिशत, यानी ₹116.576 लाख तत्काल प्रभाव से जारी कर जिलाधिकारी चम्पावत को उपलब्ध करा दिया गया है, ताकि कार्य जल्द शुरू हो सकें।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि इस निर्णय से जनपद में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी कार्य गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *