उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने किया 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का शुभारंभ

गौचर : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले के गौचर में 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। सात दिवसीय मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुए इस आयोजन का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों और व्यापार को बढ़ावा देना था। उस समय गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का प्रमुख केंद्र था। आज यह मेला औद्योगिक और सांस्कृतिक पहचान के साथ प्रदेश के प्रमुख आयोजनों में शामिल है।

उन्होंने कहा कि मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का अवसर देता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल अभियान को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार मिले और पलायन पर अंकुश लगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों को देश-दुनिया के बाजारों तक पहुंचाने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड शुरू किया गया है। इस ब्रांड का कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। उन्होंने इसे प्रदेश की महिलाओं की मेहनत और आर्थिक आत्मनिर्भरता का परिणाम बताया।

उन्होंने कहा कि चारधाम सड़क परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से चमोली सहित पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी, पर्यटन और अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। सीमांत क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है।

सिमली अस्पताल के लिए बनेगी कमेटी

मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की मांग पर सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए शीघ्र कमेटी गठित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कमेटी सभी संबंधित पक्षों को सुनकर मामले का समाधान तलाशेगी। वहीं, प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग पर स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि चिह्नित करने को कहा।

दो पेयजल योजनाओं का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने गौचर और गैरसैंण में पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के लिए दो योजनाओं का लोकार्पण किया। अमृत 2.0 के तहत कर्णप्रयाग विकासखंड में 32.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गौचर नगरीय पेयजल योजना शुरू की गई। इसके अलावा गैरसैंण विकासखंड में 459.32 लाख रुपये की लागत से नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत कार्यों का लोकार्पण किया गया।

दो विभूतियों को मिला स्मृति सम्मान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026 से सम्मानित किया। वहीं, वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026 प्रदान किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी, बलवीर घुनियाल, रमेश गड़िया, रामचंद्र गौड़, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, व्यापारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *