उत्तराखंड

 30 मई तक राशन कार्ड की ई-केवाईसी अनिवार्य, घर बैठे एप से पूरी करें प्रक्रिया

देहरादून : राज्य सरकार ने सभी राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया को अनिवार्य कर दिया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी यूनिट धारक 30 मई तक हर हाल में अपनी ई-केवाईसी पूरी कर लें, ताकि भविष्य में राशन प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सरकार ने एनआईसी के माध्यम से “मेरा ई-केवाईसी” मोबाइल ऐप विकसित किया है। इस ऐप की मदद से बुजुर्ग, दिव्यांग और असहाय लाभार्थी घर बैठे ही अपनी ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं। ऐप में आधार नंबर, पंजीकृत मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी और फेस रिकॉग्निशन जैसी सरल सुविधाएं दी गई हैं।

आंकड़ों के अनुसार, सफेद राशन कार्ड धारकों में अब तक 72 प्रतिशत ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। कुल 9,58,624 धारकों में से 6,91,086 लाभार्थी प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। वहीं, पीले राशन कार्ड धारकों में अभी तक केवल 40 प्रतिशत ई-केवाईसी ही हो पाई है—कुल 5,03,316 में से 1,98,241 धारकों ने अपनी ई-केवाईसी कराई है।

जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने बताया कि “मेरा ई-केवाईसी” ऐप के जरिए छूटे हुए लाभार्थी भी आसानी से प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। खासकर वे लोग जो राशन की दुकान तक नहीं पहुंच पाते, उनके लिए यह ऐप बेहद उपयोगी साबित हो रहा है।

उन्होंने सभी राशन कार्ड धारकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी ई-केवाईसी अवश्य पूर्ण करें, ताकि सरकारी खाद्यान्न का लाभ बिना किसी बाधा के मिलता रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *