बैकुंठ चतुर्दशी मेले का मुख्यमंत्री धामी ने किया शुभारंभ, पंचप्रयाग और धारी देवी मंदिर के पास बनेंगे आधुनिक घाट
श्रीनगर : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने, नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण और पंचप्रयाग सहित धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक घाट बनाने की घोषणा की। साथ ही श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेली सेवा शुरू करने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मेले में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक ढोल-दमाऊं और पुष्पवर्षा से उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक भी पीसा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के साथ सामाजिक एकता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार धार्मिक विरासत के संरक्षण और विकास के लिए काम कर रही है। केदारखंड और मानसखंड मंदिर माला मिशन के माध्यम से धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि श्रीनगर में करीब 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना पर काम आगे बढ़ाया जा रहा है। लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी का निर्माण प्रगति पर है। क्षेत्र में पैरामेडिकल और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के प्रयास भी किए जा रहे हैं। मंडी-चौरास-जाखणी पेयजल योजना पर करीब 37 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इसके अलावा आधुनिक बस अड्डे, पार्किंग और सड़क सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेस अस्पताल श्रीनगर में 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया गया है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से क्षेत्र में आवागमन के साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। श्रीनगर से देहरादून के लिए हेली सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय एक दिसंबर 2026 से बढ़ाने का निर्णय लिया है। पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। प्रदेश में नकल माफिया और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के माध्यम से साइंस सिटी विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के साथ धारी देवी मंदिर के समीप भी घाट विकसित करने की घोषणा की। बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की बात भी कही।
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में श्रीनगर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में काम चल रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित विशेष डाक आवरण और शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का विमोचन भी किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, विधायक विनोद कंडारी, राजकुमार पोरी, महापौर आरती भंडारी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

