उत्तराखंड

हीट वेव अलर्ट : आगामी 24–48 घंटे में भीषण गर्मी की चेतावनी जारी, डीएम सविन बंसल ने जारी किए सख्त निर्देश

देहरादून : उत्तराखंड में लगातार बढ़ते तापमान के बीच हीट वेव का असर तेज होता जा रहा है। मौसम विभाग ने आगामी 24 से 48 घंटों के दौरान कई जिलों में भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है, जिसके चलते जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, उधम सिंह नगर, नैनीताल और उत्तरकाशी के कुछ क्षेत्रों में तापमान में और वृद्धि की संभावना है। मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान 30 डिग्री के पार रहने का अनुमान है।राजधानी देहरादून में बुधवार से ही तेज गर्मी का असर साफ महसूस किया जा रहा है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. झा ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। यदि जरूरी हो तो सिर को ढककर और चेहरे को सूती कपड़े या मास्क से सुरक्षित रखें।

उन्होंने शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लेने की सलाह दी। गर्मी में तरबूज, नींबू पानी, नारियल पानी और अन्य जलयुक्त फलों का सेवन लाभकारी बताया गया है।
डॉ. झा ने चेतावनी दी कि चक्कर आना, सिरदर्द, तेज बुखार, उल्टी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल में संपर्क करें, क्योंकि लापरवाही गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है।

जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सक्रिय कर दिया गया है। आमजन की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 2726066, 2626066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 जारी किए गए हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और जरूरी सावधानियां अपनाकर हीट वेव के दुष्प्रभावों से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *