उत्तराखंड

तुंगनाथ क्षेत्र में वन विभाग की शुल्क वसूली और अतिक्रमण पर रोक लगाने की मांग

देहरादून : तृतीय केदार भगवान श्री तुंगनाथ महादेव मंदिर की पौराणिक मान्यताओं, धार्मिक परंपराओं और स्थानीय हक-हकूकधारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए मंदिर के मठाधिपति मुकेश चंद्र मैठाणी ने आवाज उठाई है। उन्होंने वन विभाग पर क्षेत्र में मनमाने ढंग से अतिक्रमण करने और शुल्क वसूली करने का आरोप लगाते हुए उत्तराखंड शासन के अधिकारियों को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

मठाधिपति ने पत्र में कहा है कि वन विभाग की कार्यप्रणाली से मंदिर के हक-हकूकधारियों और वन विभाग के कर्मचारियों के बीच विवाद और वैमनस्य की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर की धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं के विपरीत गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि शीतकाल में मंदिर के कपाट बंद होने के बाद भी वन विभाग की ओर से शुल्क लेकर यात्रियों का आवागमन जारी रखा जाता है। इससे क्षेत्र में अनियंत्रित आवाजाही बढ़ रही है और स्कंद पुराण में वर्णित मोक्षदायिनी आकाशकामिनी धारा के उद्गम स्थल का अस्तित्व भी खतरे में पड़ रहा है।

मठाधिपति ने मांग की है कि शीतकाल में पटपड़िया से देवदर्शनी, गणेश मंदिर से श्री तुंगनाथ मंदिर और वशिला मां गंगा मंदिर तक आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाए। उनका कहना है कि कपाट बंद रहने की अवधि में धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों की पवित्रता तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए इस व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाना जरूरी है।पत्र पर वन पंचायत मक्कूमठ के सरपंच विजय सिंह चौहान सहित कैलाश चंद्र मैठाणी, संदीप बर्त्वाल, कुलदीप सिंह नेगी और अभिषेक मैठाणी ने भी समर्थन जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *