उत्तराखंड

पदक विजेता खिलाड़ियों को तय समय में मिले सरकारी नौकरी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवा में समायोजित करने की प्रक्रिया तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे खिलाड़ियों को प्राथमिकता के आधार पर खेल विभाग में ही नियुक्ति देने की कार्ययोजना तैयार की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र की राष्ट्रीय खेल नीति-2025 के अनुरूप उत्तराखंड की नई खेल नीति तैयार की जाए। उन्होंने उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय, गोलापार (हल्द्वानी) में आगामी माह से शैक्षणिक सत्र शुरू करने, प्रवेश प्रक्रिया और कोच, कर्मचारी व अधिकारियों की नियुक्ति में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने “एक ब्लॉक-एक मिनी स्टेडियम” योजना के तहत निर्माण कार्यों में तेजी लाने और 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान विकसित खेल अवसंरचना के रखरखाव के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने देहरादून, गोलापार, रुद्रपुर, टिहरी, हरिद्वार और पिथौरागढ़ के खेल परिसरों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।मुख्यमंत्री ने 39वें राष्ट्रीय खेल-2027 की तैयारियों के लिए विभिन्न खेल विधाओं में विशेष प्रशिक्षण शिविर शुरू करने, खिलाड़ियों की पहचान और चयन प्रक्रिया को तेज करने तथा “एक जिला-एक खेल” योजना के तहत प्रत्येक जिले में निर्धारित खेलों के लिए कोचिंग, प्रतिभा खोज और प्रतियोगिताओं को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिला खेल छात्रावास को संबंधित खेल की नर्सरी के रूप में विकसित किया जाए।

बैठक में जानकारी दी गई कि अब तक 29 पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। “एक ब्लॉक-एक मिनी स्टेडियम” योजना के तहत 48 मिनी स्टेडियम बन चुके हैं, जबकि 10 का निर्माण कार्य जारी है। इसके अलावा भारत के पहले महिला आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेज, लोहाघाट का निर्माण तेजी से चल रहा है तथा गोलापार में राज्य खेल विश्वविद्यालय के तहत 39 आधुनिक खेल एवं शैक्षणिक अवसंरचना विकसित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *