उत्तराखंड

कांवड़ मेला-2026 की तैयारियां तेज, पड़ोसी राज्यों से समन्वय पर विशेष जोर : प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज

हरिद्वार : आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने सीसीआर सभागार में अधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेकर विभागवार तैयारियों का जायजा लिया और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार कांवड़ मेला-2026 को दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

सतपाल महाराज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान सहित पड़ोसी राज्यों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की निर्बाध आवाजाही के लिए तैयार कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाए। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं का पूर्व परीक्षण (ड्राई रन) कराने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा, विद्युत, प्रकाश व्यवस्था, विश्राम स्थलों और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं के स्वागत-सत्कार में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यातायात प्रबंधन, पार्किंग, डायवर्जन योजना और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का पूर्व परीक्षण करने को कहा। वहीं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कांवड़ मेले की तैयारियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए विभिन्न विभागों की प्रगति से अवगत कराया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर एवं पुलिस अधीक्षक (यातायात) निशा यादव ने सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कांवड़ यात्रा के सफल संचालन के निर्देश दिए।

बैठक में जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी प्रतिभाग कर कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने पर विस्तार से चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *