उत्तराखंड

सरकारी विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था सुधार की मांग

देहरादून : सोशल ब्लू फ्रंट के संस्थापक कार्तिक टम्टा ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर सरकारी विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में विभिन्न समस्याओं के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई और शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है, इसलिए सरकार को शीघ्र प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

ज्ञापन में प्राथमिक विद्यालयों में पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति, योग्य एवं प्रशिक्षित शिक्षकों से नियमित शिक्षण कार्य, जर्जर विद्यालय भवनों की मरम्मत, शौचालय एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था तथा विद्यालयों में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
इसके अलावा दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए सरकारी स्कूल बस सुविधा उपलब्ध कराने, प्राथमिक से माध्यमिक स्तर तक कंप्यूटर शिक्षा को बढ़ावा देने, कंप्यूटर लैब स्थापित करने तथा डिग्रीधारी कंप्यूटर शिक्षकों की नियुक्ति की भी मांग उठाई गई है।

कार्तिक टम्टा ने अभिभावकों को अपनी सुविधा एवं इच्छा के अनुसार बच्चों के लिए हिंदी या अंग्रेजी माध्यम चुनने की स्वतंत्रता देने की भी मांग की। साथ ही डायट (DIET) के प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता का नियमित निरीक्षण एवं सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *