Tuesday, November 3, 2026
Latest:
उत्तराखंड

दीपावली को लेकर अग्निशमन विभाग मुस्तैद, 23 संवेदनशील स्थानों पर खड़े रहेंगे फायर टैंकर, बाजारों में दिन में तीन बार होगी गश्त

देहरादून : दीपावली पर आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। शहर से लेकर संवेदनशील इलाकों तक आग बुझाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। जल संस्थान के सहयोग से जिले के 41 स्थानों पर पानी के टैंकर उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि शहर के 23 संवेदनशील स्थानों पर फायर टैंकर तैनात रहेंगे। इसके अलावा बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अग्निशमन वाहन दिन में तीन बार गश्त करेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर की गई तैयारियों की जानकारी देते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिनव त्यागी ने बताया कि जिले में स्थापित फायर हाइड्रेंट की नियमित जांच की जा रही है। फिलहाल 90 फीसदी से अधिक फायर हाइड्रेंट काम कर रहे हैं। शेष को भी जल्द दुरुस्त कराया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर पानी की उपलब्धता में कोई बाधा न आए।

त्यागी ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर सभी फायर स्टेशनों को अलर्ट पर रखा गया है। प्रत्येक तहसील के अंतर्गत आने वाले फायर स्टेशनों के वाहन बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में दिन में तीन बार गश्त कर रहे हैं। इससे संवेदनशील इलाकों पर नजर रखने के साथ आग लगने की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सकेगी।

*बिजली के लोड पर विशेष ध्यान देने की अपील*

अग्निशमन विभाग ने व्यापारियों से दुकानों और प्रतिष्ठानों में बिजली के उपकरणों का सुरक्षित इस्तेमाल करने की अपील की है। अधिकारियों ने निर्धारित क्षमता से अधिक विद्युत लोड न लेने और अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी है। साथ ही बाजारों में यातायात व्यवस्था बनाए रखने और अग्निशमन वाहनों के निकलने के लिए रास्ते खाली रखने को कहा गया है।

विभाग का कहना है कि दीपावली के दौरान छोटी सी लापरवाही भी बड़ी घटना का कारण बन सकती है। ऐसे में आमजन और व्यापारियों की सतर्कता बेहद जरूरी है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग की टीमें पूरी मुस्तैदी से तैनात रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *