मुख्यमंत्री धामी ने प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता देने के दिए निर्देश
चमोली : मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टीएचडीसी गेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने टनल में फंसे शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बचाव अभियान में उपलब्ध सभी संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस, जिला प्रशासन और टीएचडीसी की टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के साथ ही रेस्क्यू कर्मियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
उन्होंने टनल की तकनीकी स्थिति, जल निकासी और मलबा हटाने के कार्य की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि अभियान को सुरक्षित और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने हादसे में मृतकों के परिजनों को नियमानुसार अनुमन्य मुआवजा एवं सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव प्रशासनिक सहयोग सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में कैबिनेट मंत्री एवं प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, सचिव आपदा विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
