उत्तराखंड

पानी निकालने, मलबा हटाने और फंसी मशीनों को बाहर निकालने का काम युद्धस्तर पर

चमोली : टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद लापता दो लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान और तेज कर दिया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिला प्रशासन की टीमें लगातार अभियान की निगरानी कर रही हैं। जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं रेस्क्यू ऑपरेशन की मॉनिटरिंग करते हुए सभी टीमों के साथ समन्वय कर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

लापता लोगों की तलाश में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें युद्धस्तर पर सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। टनल के भीतर पानी का स्तर कम करने के लिए पंप लगातार चलाए जा रहे हैं। पानी निकालने के बाद प्रभावित हिस्सों तक रेस्क्यू टीमों की पहुंच आसान बनाने और गहन खोजबीन करने का प्रयास किया जा रहा है।

रेस्क्यू अभियान में टनल के भीतर फंसी मशीनों और भारी अवरोधों को हटाने का काम भी प्राथमिकता से किया जा रहा है। आधुनिक उपकरणों और तकनीकी संसाधनों की मदद से मशीनों को बाहर निकालने का प्रयास जारी है, ताकि टीमों के लिए टनल के अंदर आगे बढ़ने का रास्ता साफ किया जा सके।

मलबे और प्रभावित हिस्सों को व्यवस्थित तरीके से हटाते हुए प्रत्येक संभावित स्थान की बारीकी से जांच की जा रही है। मलबे के बीच छोटी से छोटी जगह और उन सभी हिस्सों की गहन तलाशी ली जा रही है, जहां लापता लोगों के होने की संभावना हो सकती है। रेस्क्यू टीमें उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए लगातार आगे बढ़ रही हैं।

हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच में हादसे के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी के अनुसार, हादसे के बाद टनल से अब तक 20 लोगों को बाहर निकाला गया है। इनमें 12 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जबकि 8 लोगों की मृत्यु हुई है। टनल में फंसे दो लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *