उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी को प्रदेशभर से आई बहनों ने बांधा रक्षा सूत्र

देहरादून :  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेशभर से आई बहनों ने रक्षा सूत्र बांधा और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने बहनों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनका आभार जताया और प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। प्रदेश की मातृशक्ति और बहनों का स्नेह व आशीर्वाद उन्हें उत्तराखंड की सेवा और राज्य के विकास के लिए निरंतर नई ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति परिवार की मजबूत आधारशिला होने के साथ ही समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी है। उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं से महिलाओं और बेटियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान भी किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के स्वावलंबन और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। राज्य की सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में 3 लाख 9 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्थानीय उत्पाद, कृषि, हस्तशिल्प और स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आजीविका मजबूत करने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था में भी योगदान दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना, मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तीकरण योजना और मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए भी सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति ने राज्य निर्माण से लेकर विकास तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, कृषि, उद्यमिता और सामाजिक क्षेत्र समेत हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी से ही सशक्त उत्तराखंड और विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

इस अवसर पर गीता पुष्कर धामी, विधायक सविता कपूर, आशा नौटियाल, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *