उत्तराखंड

नन्हे -मुन्ने बच्चों संग कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मनाया रक्षाबंधन

देहरादून : कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पटेल नगर स्थित जीआरडी अकादमी में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान सैकड़ों नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने हाथों से तैयार की गई सुंदर राखियां मंत्री गणेश जोशी की कलाई पर बांधीं। बच्चों के स्नेह और अपनत्व से अभिभूत मंत्री ने उनके साथ रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रक्षा सूत्र बंधवाने के बाद मंत्री गणेश जोशी ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, पसंदीदा विषयों, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने भी उत्साह के साथ अपनी आकांक्षाएं मंत्री के साथ साझा कीं।

मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों का स्नेह और उनकी मासूम मुस्कान मन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल रक्षा सूत्र बांधने का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, स्नेह और जिम्मेदारी के संकल्प का पर्व है।

उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपनी प्रतिभा पहचानने और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सपनों को पंख देने के लिए शिक्षा और संस्कार दोनों का मजबूत होना आवश्यक है।

इस अवसर पर मंत्री ने बच्चों को उपहार भेंट किए और उनके उज्ज्वल भविष्य, सफलता एवं सुखमय जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विद्यालय की डायरेक्टर लता गुप्ता, प्रिंसिपल परप्रीत सिंह ग्रेवाल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *