जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी को नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई, आज होगी शोक सभा
हल्द्वानी: नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी का 12 सितंबर की दोपहर अचानक हृदयगति रुकने से निधन हो गया। उनके निधन की खबर से सूचना विभाग, मीडिया जगत और विभिन्न विभागों में शोक की लहर है। वह अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
गिरिजा शंकर जोशी का अंतिम संस्कार रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर गमगीन माहौल में किया गया। उनकी अंतिम यात्रा सुबह 8 बजे हल्द्वानी के बिठोरिया नंबर-1 स्थित बीके पुरम स्थित आवास से चित्रशिला घाट के लिए रवाना हुई।
अंत्येष्टि में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला, दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, सहायक निर्वाचन अधिकारी हंसादत्त पांडे, संयुक्त निदेशक/महानिदेशक सूचना के प्रतिनिधि केएस चौहान, संपादक कमलेश भट्ट, जिला सूचना अधिकारी ऊधमसिंह नगर गोविंद बिष्ट, प्रभारी मीडिया सेंटर हल्द्वानी अहमद नदीम समेत बड़ी संख्या में पत्रकार और सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
इस दौरान सभी ने गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर गहरा दुख जताया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
14 सितंबर को मीडिया सेंटर में होगी शोक सभा
स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी की स्मृति में 14 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे मीडिया सेंटर हल्द्वानी में शोक सभा आयोजित की जाएगी। इसमें सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार और अन्य गणमान्य लोग शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
