60 से बढ़कर 63 प्रतिशत हुआ डीए, एक जुलाई 2026 से मिलेगा लाभ
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के कर्मचारियों को दीपावली के अवसर पर राहत देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा। बढ़ी हुई दर एक जुलाई 2026 से प्रभावी होगी।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों की तर्ज पर राज्य कर्मचारियों को भी बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता देने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है। भारत सरकार ने सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के तहत वेतन प्राप्त कर रहे कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत वृद्धि करते हुए इसे 63 प्रतिशत किया है।
इस निर्णय का लाभ राज्य सरकार के कार्मिकों के साथ स्थानीय निकायों, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, राजकीय विश्वविद्यालयों, प्राविधिक शिक्षण संस्थानों और यूजीसी वेतनमान के तहत कार्यरत पात्र कर्मचारियों को भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री की मंजूरी के अनुसार एक जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक की अवधि के बढ़े हुए महंगाई भत्ते के अंतर का भुगतान कर्मचारियों को नकद एरियर के रूप में किया जाएगा। इस फैसले से प्रदेश के हजारों कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी।

