Thursday, October 1, 2026
उत्तराखंड

गुरु गोबिंद सिंह जी के देहरादून आगमन दिवस पर तीन दिवसीय गुरमत समागम

देहरादून : श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के देहरादून आगमन दिवस की स्मृति में जत्था अकाली बाबा फतेह सिंह जी और समूह साध संगत की ओर से 2 से 4 अक्टूबर तक तीन दिवसीय गुरमत समागम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम गुरु नानक पब्लिक ग्राउंड, रेसकोर्स में होगा। आयोजन के तहत बाइक रैली और खालसाई महल्ला भी निकाला जाएगा।

आयोजन की जानकारी बुधवार को प्रेस क्लब देहरादून में आयोजित प्रेसवार्ता में जत्थे के मुख्य सेवादार ने दी। उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर को गुरु पंथ के आगमन के स्वागत में बाइक रैली निकाली जाएगी। रैली आशारोड़ी फ्लाईओवर से शुरू होकर देहरादून शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गुरु नानक पब्लिक ग्राउंड, रेसकोर्स पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि रैली का उद्देश्य गुरु पंथ का भव्य स्वागत करना है।

आयोजकों के अनुसार ऐतिहासिक संदर्भों में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के देहरादून आगमन का उल्लेख मिलता है। बाबा राम राय जी के ज्योति-जोत समाने के बाद उनकी धर्मपत्नी माता पंजाब कौर जी ने गद्दी से जुड़े विवाद और अन्याय के समाधान के लिए गुरु गोबिंद सिंह जी से सहायता की प्रार्थना की थी। इसके बाद गुरु साहिब पांवटा साहिब से देहरादून आए और धर्म, न्याय तथा मर्यादा की रक्षा का संदेश दिया। इसी ऐतिहासिक आगमन की स्मृति में गुरमत समागम का आयोजन किया जा रहा है।

आयोजकों ने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रम में धार्मिक दीवान और विभिन्न गुरमत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समागम में साध संगत की भागीदारी रहेगी। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *