उत्तराखंड

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने ली कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की समीक्षा बैठक 

देहरादून : मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी निर्माण एवं आवश्यक कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों को समानांतर रूप से किया जा सकता है, उन्हें साथ-साथ पूरा किया जाए, ताकि समय का बेहतर उपयोग हो और मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर तैयार हो सकें।

मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना और निर्वाचन संबंधी कार्यों के कारण कुंभ मेले के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता प्रभावित न हो, इसके लिए अभी से मानव संसाधन की कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कुंभ क्षेत्र में प्रभावी साइनेज व्यवस्था करने के साथ ही साइनेज पर क्यूआर कोड लगाने के निर्देश दिए। क्यूआर कोड के माध्यम से श्रद्धालुओं को संबंधित स्थल के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व समेत अन्य आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कुंभ क्षेत्र की विभिन्न जगहों और सुविधाओं की जानकारी देने के लिए समर्पित मोबाइल ऐप तैयार करने की संभावना पर भी विचार करने को कहा।

उन्होंने कुंभ मेले के लिए तैयार की जा रही स्थायी व्यवस्थाओं के मेले के बाद संचालन और रखरखाव की भी अभी से योजना बनाने के निर्देश दिए। अस्थायी पुलों के निर्माण की लगातार निगरानी करते हुए इन्हें नवंबर के अंत तक अनिवार्य रूप से पूरा करने को कहा।

मुख्य सचिव ने कुंभ मेला क्षेत्र में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी और सरकारी एजेंसियों की भूमि पर पार्किंग तथा अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए कार्य तत्काल शुरू किए जाएं। नहरबंदी के दौरान किए जाने वाले कार्यों की पूर्व तैयारी पूरी कर इस अवधि का अधिकतम उपयोग करने पर भी उन्होंने जोर दिया।

उन्होंने सिंचाई और पेयजल विभाग के निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए कुंभ शुरू होने से पहले सभी कार्य पूरे कराने के निर्देश दिए। मेलाधिकारी और संबंधित विभागाध्यक्षों को कार्यों की नियमित समीक्षा करने को कहा गया। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों और अन्य व्यवस्थाओं को भी समय से तैयार करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने मेलाधिकारी को कुंभ से संबंधित कार्यों का लगातार स्थलीय निरीक्षण करने और निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं की तत्काल जानकारी देने को कहा, ताकि संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर उनका शीघ्र समाधान किया जा सके। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेष बगौली, नितेश कुमार झा, विनोद कुमार सुमन, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप और मेलाधिकारी सोनिका सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *