मुख्यमंत्री धामी ने छठ घाट पर सूर्यदेव को अर्घ्य देकर की प्रदेश की खुशहाली की कामना
खटीमा : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा के ग्राम 22 पुल, खिलड़िया स्थित छठ घाट पर छठ महापर्व के अवसर पर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने छठी मैया और सूर्यदेव से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था, लोकसंस्कृति और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान, कृतज्ञता, संयम और सेवा का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ जैसे पर्व भारतीय संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने के साथ पारिवारिक एवं सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। ये पर्व समाज में प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव की भावना को बढ़ावा देते हैं।

