उत्तराखंड

विश्व मात्स्यिकी दिवस पर गंगा के प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों के संरक्षण और जलीय जैव विविधता को बढ़ावा देने का दिया संदेश

हरिद्वार : विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर शनिवार को मत्स्य विभाग की ओर से कामधेनु घाट पर गंगा नदी की मुख्य धारा में मत्स्य बीज संचयन किया गया। साथ ही कामधेनु लोक में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा के प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों का संरक्षण एवं संवर्धन करने के साथ जलीय जैव विविधता को सुरक्षित रखना और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखना रहा।

इस अवसर पर मत्स्य विभाग उत्तराखंड के निदेशक सीएस धर्मशक्तु, उपनिदेशक प्रमोद कुमार शुक्ल और गढ़वाल मंडल की उपनिदेशक अल्पना हल्दिया ने गंगा में मत्स्य बीज छोड़े और कामधेनु लोक में पौधारोपण किया। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा ने किया। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. नीलकांत सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

वक्ताओं ने कहा कि वैज्ञानिक पद्धति से गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज संचयन करने से नदियों में प्राकृतिक मछलियों की संख्या बढ़ाने और जलीय जैव विविधता के संरक्षण में मदद मिलती है। इससे भविष्य में मत्स्य उत्पादन की संभावनाएं भी मजबूत होती हैं। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन से नदियों और पर्यावरण के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *