उपभोक्ताओं से अभद्रता और धमकी देने पर मीटर रीडर सेवा से हटाया
देहरादून : बिजली उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार और अनुचित आचरण करने के मामले में उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने कार्रवाई की है। विभाग ने विद्युत वितरण खंड (उत्तर), देहरादून में उपनल के माध्यम से कार्यरत मीटर रीडर राजेंद्र सिंह रावत को विभागीय सेवाओं से कार्यमुक्त कर दिया है।
यूपीसीएल के अनुसार, संबंधित मीटर रीडर के खिलाफ उपभोक्ताओं से अभद्र व्यवहार और धमकी देने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने जांच कराई। इस दौरान उपलब्ध ऑडियो रिकॉर्डिंग और वीडियो साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। साथ ही अधिशासी अभियंता स्तर पर गठित जांच समितियों ने भी मामले की पड़ताल की। जांच में उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार और अनुचित आचरण किए जाने के आरोपों की पुष्टि हुई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए मामला उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम (उपनल) को भेजा गया। इसके बाद राजेंद्र सिंह रावत को विभागीय सेवाओं से कार्यमुक्त कर उपनल को वापस कर दिया गया।
यूपीसीएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के साथ किसी भी तरह की अभद्रता, अनावश्यक दबाव या अनुचित व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी शिकायत मिलने पर निष्पक्ष जांच कर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि कोई विद्युत कर्मचारी अभद्र व्यवहार करता है या अवैध धनराशि की मांग करता है तो इसकी शिकायत तत्काल संबंधित अधिशासी अभियंता अथवा उच्चाधिकारियों से करें, ताकि समयबद्ध कार्रवाई की जा सके।

