जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्यसेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि विवाद, आर्थिक सहायता, पेंशन और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर समस्याओं का जल्द निस्तारण कराया जाए। अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता से काम करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार पात्र व्यक्तियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘धन्य धन्य धामी जी’ गीत एवं उसके पोस्टर का विमोचन भी किया। गीत को निर्मल अनुरागी और अंजलि अनुरागी ने स्वर दिए हैं, जबकि इसका संगीत निर्देशन रणजीत सिंह ने किया है।

