कुंभ की तैयारियों का आगाज, पांडेवाला में जूना अखाड़े की धूनियां प्रज्वलित
हरिद्वार : कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच हरिद्वार में धार्मिक गतिविधियां शुरू हो गई हैं। देव दीपावली के अवसर पर कुंभनगरी पहुंचे श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के रमता पंचों ने पांडेवाला स्थित अपने प्रवास स्थल पर अखाड़े के इष्टदेव को विधि-विधान से विराजमान किया। इसके साथ ही चारों दिशाओं में चार मढ़ियों की स्थापना कर धूनियां प्रज्वलित की गईं। संतों के मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
अखाड़े की परंपरा के अनुसार प्रवास स्थल पर पूजा-अर्चना, जप, ध्यान, सत्संग और तप-साधना का क्रम भी शुरू हो गया है। यहां अखाड़े के पारंपरिक शस्त्रों को भी स्थापित किया गया है। अखाड़े की परंपरा में शास्त्र और शस्त्र दोनों का विशेष महत्व है। शास्त्र ज्ञान और आध्यात्मिक चेतना के प्रतीक हैं, जबकि शस्त्र धर्म और संस्कृति की रक्षा के संकल्प को दर्शाते हैं।
रमता पंचों के प्रवास के साथ ही आगामी कुंभ की छावनी स्थापना और अन्य धार्मिक आयोजनों की तैयारियों ने भी गति पकड़ ली है। तीर्थ पुरोहितों के संगठन पंचायती धड़ा फिराहेडियान-1200 के पदाधिकारियों ने परंपरानुसार जमात का स्वागत किया। संगठन के अध्यक्ष सचिन कौशिक, मंत्री उमाशंकर वशिष्ठ और कोषाध्यक्ष अनिल कौशिक ने अखाड़े के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर प्रवास की व्यवस्थाओं में सहयोग दिया।
इस दौरान मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती और उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने पांडेवाला पहुंचकर संतों और अखाड़े के पदाधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने प्रवास स्थल की व्यवस्थाओं, आगामी धार्मिक गतिविधियों और कुंभ छावनी की स्थापना को लेकर चर्चा की। अधिकारियों ने अखाड़े के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने का भरोसा दिया।
जूना अखाड़े के पदाधिकारियों ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों पर संतोष जताते हुए प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। अखाड़े के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमहंत महेश पुरी, राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमहंत शैलेन्द्र गिरी और सचिव श्रीमहंत कंचन गिरी ने प्रशासन का आभार जताया तथा कुंभ के सफल आयोजन में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
श्रीमहंत कंचन गिरी ने कहा कि रमता पंचों के नगर प्रवेश के साथ ही कुंभ की धार्मिक गतिविधियों का विधिवत आगाज हो गया है। आने वाले दिनों में अखाड़े की परंपरा के अनुसार धर्मध्वजा स्थापना, पेशवाई सहित विभिन्न धार्मिक एवं पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कुंभ सनातन संस्कृति का महत्वपूर्ण महापर्व है और इसके दिव्य एवं भव्य आयोजन के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
जूना अखाड़े के प्रवास के साथ ही अब अन्य अखाड़ों की गतिविधियां भी शुरू होने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में छावनियों की स्थापना, धर्मध्वजा और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हरिद्वार में कुंभ की रौनक बढ़ेगी।

